पति के हत्यारोपी ने विधवा को बीच रास्ते में रोका, समझौता न करने पर दी जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज

हाथरस 22 अप्रैल । पति की हत्या के मामले में कोर्ट में पैरवी कर रही विधवा को आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी है। आरोप है कि तारीख से लौटने पर आरोपित ने गांव में पीड़िता को रोककर गाली-गलौज की और मुकदमे में समझौता न करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने कोतवाली सासनी में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने और सुरक्षा की मांग की है। गांव लरौता निवासी बबली देवी उर्फ रेनू देवी पत्नी स्व. भूपेंद्र सिंह के पति की आठ मई 2022 को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में संजय उर्फ लालो निवासी लरौता के खिलाफ मुकदमा विचाराधीन है। पीड़िता रेनू देवी ने बताया कि वह मुकदमे की तारीख पर गई थीं। 20 अप्रैल 2026 को जब वह अपने गांव लरौता लौटीं तो आरोपित संजय उर्फ लालो ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि संजय ने गाली-गलौज करते हुए धमकाया। पीड़िता ने तहरीर में कहा कि वह घटना से बेहद डरी हुई है। आरोपित खुलेआम धमकी दे रहा है, जिससे उसे और उसके परिवार को जान का खतरा है। पुलिस ने शिकायत पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है।























