Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 22 अप्रैल । विद्युत वितरण खंड चतुर्थ में तैनात संविदा कंप्यूटर ऑपरेटरों ने बुधवार को खंड कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें कई महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने बकाया मानदेय के तत्काल भुगतान की मांग की। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि वे खंड एवं उपखंड कार्यालयों में नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं और विभागीय कार्यों को सुचारु रूप से संचालित कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। उन्हें केवल जनवरी माह तक का ही भुगतान किया गया है, जबकि फरवरी और मार्च का वेतन अभी भी लंबित है। अप्रैल माह भी समाप्त होने वाला है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। संविदा कर्मियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया है। दो अप्रैल को प्रार्थना पत्र देने के बाद 13 अप्रैल को अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर समस्या बताई गई थी। उस समय 15 अप्रैल तक एक माह का वेतन दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे वे मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं। अल्प वेतन में कार्य करने वाले इन कर्मचारियों के सामने परिवार का भरण-पोषण करना भी मुश्किल हो गया है। धरना प्रदर्शन में प्रवीन शर्मा, अजय कुमार, लोकेश कुमार, अजय कुशवाह, अविनाश चौधरी, कु. संजना और रंजीत कुमार सहित अन्य संविदा कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि उनके बकाया वेतन का भुगतान शीघ्र कराया जाए। इस संबंध में अधिशासी अभियंता रंजीत कुमार ने बताया कि वेतन शीट भेज दी गई है। स्वीकृति मिलते ही कर्मचारियों का वेतन दिला दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page