
सासनी 22 अप्रैल । भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले बुधवार को तहसील परिसर सासनी में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक विशाल पंचायत का आयोजन किया गया। जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार भोला सूर्यवंशी के नेतृत्व में आयोजित इस पंचायत का संचालन आदित्य ठाकुर ने किया। इस दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी नीरज शर्मा को सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने मुख्य रूप से हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान का मुद्दा उठाया। किसानों का आरोप है कि अभी तक नुकसान का सर्वे नहीं कराया गया है और न ही कोई अधिकारी सुध लेने पहुँचा है। इसके अलावा, विद्युत विभाग द्वारा की जा रही अघोषित कटौती और स्मार्ट मीटर के कारण आ रहे अत्यधिक बिलों पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की गई। किसानों ने टोडरपुर-खिटौली-कटैलिया मार्ग की जर्जर स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि यह सड़क पिछले 30 वर्षों से दयनीय हालत में है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। बार-बार अवगत कराने के बावजूद सड़क का नवीनीकरण न होने पर किसानों ने चेतावनी दी। इस अवसर पर मूलचंद बघेल, विनोद चौधरी, कपिल तोमर, मोहित वार्ष्णेय, अभिषेक पाठक, गजेंद्र पाल, राधाकृष्ण वार्ष्णेय समेत बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।























