
हाथरस 22 अप्रैल । कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला रूपनगर बालापट्टी में बुधवार को मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ अपनी बेटी की शादी संपन्न कराकर घर लौट रहे एक परिवार पर मोहल्ले के ही तीन दबंग युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित भूदेव पुत्र हरीशंकर ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वे परिवार के साथ घर के दरवाजे पर पहुँचे, वहाँ पहले से घात लगाकर बैठे मोहित, पवन और रोहित ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि तीनों युवकों ने लाठी-डंडों से परिवार पर हमला बोल दिया, जिसमें भूदेव के पुत्र सूर्या और भांजे गौरव को गंभीर चोटें आई हैं। चीख-पुकार सुनकर जब मोहल्ले के लोग एकत्र हुए, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल युवकों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद अभियुक्तों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घायलों के मेडिकल परीक्षण और जांच के आधार पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।























