सासनी 15 अप्रैल । विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के तत्वावधान में ग्राम दरकोली में भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुए इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरा गांव राममय हो गया।
कार्यक्रम का आयोजन विहिप के प्रखंड उपाध्यक्ष हेमंत कौशल द्वारा कराया गया। इसकी शुरुआत भगवान हनुमान के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सुंदरकांड की चौपाइयों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। इस अवसर पर विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि सुंदरकांड का पाठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन में संकल्प शक्ति और विजय का संदेश देता है। उन्होंने युवाओं से अपने संस्कारों से जुड़े रहने का आह्वान किया। वहीं जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण ने सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदू समाज को संगठित होकर मानवता की सेवा और धर्म की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। आयोजन में प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, रुहेरी खंड अध्यक्ष तेजवीर सिंह, देवेंद्र कुमार शर्मा, अभिषेक शर्मा, सोनू कौशल, कुलदीप कौशल, अयांश कौशल, नीतू कौशल, नीलम कौशल, आयुषी शर्मा, वसुंधरा, भूमिका सहित ग्राम दरकोली के समस्त ग्रामवासी उपस्थित रहे। सुंदरकांड के समापन पर भव्य आरती की गई और सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। अंत में प्रखंड उपाध्यक्ष हेमंत कौशल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से गांव में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है।























