
हाथरस 30 मई । चंदपा थाना क्षेत्र के गांव अल्हैपुर में पारिवारिक विवाद से आहत एक 27 वर्षीय युवक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, अल्हैपुर निवासी युवक का शुक्रवार को किसी घरेलू बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर युवक मानसिक रूप से परेशान हो गया और गुस्से में आकर उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। विषाक्त पदार्थ खाने के कुछ ही देर बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी और वह तड़पने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत में सुधार न होने तथा जहर का असर बढ़ने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल प्रशासन द्वारा मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। फिलहाल युवक का उपचार अलीगढ़ में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी एकत्र कर रही है।






















