
हाथरस 30 मई । बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे हाथरस के श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस उत्तराखंड के जोशीमठ के निकट ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चालक की तत्परता और सूझबूझ से बस गहरी खाई में गिरने से बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में हाथरस के 10 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित हाथरस भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार शहर के कई श्रद्धालु 23 मई को एक ट्रेवल्स एजेंसी की मिनी बस से बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर रवाना हुए थे। दर्शन कर वापस लौटते समय गुरुवार को जोशीमठ के पास अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होते ही बस अनियंत्रित होकर खाई की ओर बढ़ने लगी। सड़क के किनारे गहरी खाई होने के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार संकट की इस घड़ी में चालक ने साहस और समझदारी का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे खड़ी दूसरी बस से टकरा दिया। टक्कर लगते ही बस रुक गई और खाई में गिरने से बच गई। चालक की इस त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी श्रद्धालुओं की जान बच गई। हादसे में घायल होने वालों में श्याम बल्लभ निवासी चूड़ी वाली गली, अमित मिश्रा एवं उनकी पत्नी पूजा मिश्रा निवासी रामजी द्वारा, ज्ञान चौधरी, योगेश, विनीत मित्तल और बौबी सहित 10 से अधिक श्रद्धालु शामिल हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। श्रद्धालुओं ने बताया कि यदि चालक ने समय रहते यह निर्णय नहीं लिया होता तो बस सीधे खाई में गिर सकती थी और बड़ा जनहानि वाला हादसा हो सकता था। यात्रियों और उनके परिजनों ने चालक की सूझबूझ और साहस की सराहना करते हुए उसे सभी यात्रियों का जीवन रक्षक बताया है।






















