
हाथरस 30 मई । जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और विभिन्न जनहित संबंधी मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) द्वारा 2 जून, मंगलवार से तालाब चौराहा पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। संगठन का कहना है कि लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए कई बार मांग उठाई गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाया जा रहा है। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रदेश अध्यक्ष (व्यापार प्रकोष्ठ) कृष्णकांत रावत करेंगे। संगठन की प्रमुख मांगों में हाथरस में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का कार्य शीघ्र पूर्ण करना, जिला अस्पताल की इमरजेंसी सेवाओं को सुदृढ़ करना, करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित वेंटिलेटरों को तत्काल चालू कराना तथा जिला बागला अस्पताल में 24 घंटे सरकारी मेडिकल स्टोर की सुविधा उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा जिला अस्पताल में एमआरआई जांच सुविधा शुरू करने, सीटी स्कैन सेंटर पर दोपहर 2 बजे के बाद भी चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा डायलिसिस सेंटर में हेपेटाइटिस-बी संक्रमित मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था किए जाने की मांग भी उठाई गई है। संगठन ने नशा मुक्ति केंद्र में 24 घंटे स्टाफ की तैनाती, दिव्यांगों की जांच के लिए उपलब्ध मशीनों का उपयोग सुनिश्चित करने और उन्हें अनावश्यक रूप से बाहर रेफर करने की प्रक्रिया बंद करने की भी मांग की है। भाकियू (भानु) ने ग्रामीण क्षेत्रों के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में 24 घंटे मेडिकल स्टोर संचालित करने तथा बागला अस्पताल और सीएचसी केंद्रों से मरीजों को आयुष्मान कार्ड के नाम पर निजी अस्पतालों में भेजे जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की है। इसके साथ ही जिला अस्पताल के अल्ट्रासाउंड सेंटर पर पर्चा वितरण का समय बढ़ाने और मरीजों को अनावश्यक परेशानियों से राहत दिलाने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई है। धरना-प्रदर्शन की घोषणा को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में विश्व हिंदू परिषद के प्रवीण खंडेलवाल, ब्राह्मण महासभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित मदन मोहन गौड़, क्षत्रिय महासभा के पूर्व अध्यक्ष रवि चौहान, निस्वार्थ सेवा संस्था के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, सुमित वार्ष्णेय, ऋषि वार्ष्णेय, योगेश वार्ष्णेय, संदीप ठाकुर, छोटू राणा, मोहित चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संगठन ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








