
हाथरस 30 मई । आगामी वर्षा ऋतु में नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नगर पालिका परिषद क्षेत्र का भ्रमण कर नालों की चल रही सिल्ट सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नालों की सफाई से निकलने वाले मलबे और सिल्ट को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के साथ-साथ निकाली गई सिल्ट एवं कूड़े का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सड़कों को क्षति से बचाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र के ड्रेनेज प्लान की पूर्व में समीक्षा की जा चुकी है तथा नगर पालिका परिषद द्वारा उसके अनुरूप कार्यवाही की जा रही है। हाल ही में थर्ड पार्टी एजेंसी के माध्यम से विशेष सफाई अभियान प्रारंभ कराया गया है, जिसकी प्रगति एवं गुणवत्ता का निरीक्षण करने के लिए वह स्वयं मौके पर पहुंचे हैं। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों से निकाली गई सिल्ट सड़कों के किनारे पड़ी मिली, जिससे नागरिकों को असुविधा हो रही थी। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि सफाई के साथ-साथ मलबे को तत्काल हटवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था को निर्धारित शर्तों के अनुसार सीमित समयावधि में मलबा हटाने की जिम्मेदारी दी गई है, जिसका कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र के दुकानदारों एवं व्यापारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सड़कों एवं नालों के किनारे किए गए अतिक्रमण तथा अवैध पार्किंग जल निकासी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करते हैं। यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मुरसान गेट स्थित जल निकासी के लिए स्थापित सीवेज पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, हाथरस ने अवगत कराया कि उक्त पंपिंग स्टेशन पर वार्ड संख्या 12, 30 एवं 31 का वर्षा जल तथा अपशिष्ट जल एकत्रित होता है, जिसे पंपिंग सेट के माध्यम से नाले में प्रवाहित किया जाता है। जिलाधिकारी ने पंपिंग स्टेशन की कार्यप्रणाली, क्षमता तथा मानसून के दौरान उसके निर्बाध संचालन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








