Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 मई । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव अहवरनपुर के निकटआज शाम एक महिला घायल अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने महिला के पति एवं ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर मारपीट कर खेतों में छोड़ जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, गांव नयां बांस निवासी किरन ने बताया कि उनकी बहन शिखा उर्फ भावना का विवाह वर्ष 2014 में नगला ताल निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू के साथ हुआ था। दंपति का एक चार वर्षीय पुत्र भी है। किरन का आरोप है कि शनिवार शाम पति जितेंद्र तथा ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने शिखा के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे गंभीर हालत में गांव अहवरनपुर के निकट खेतों के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल प्रशासन द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल महिला से भी घटना के संबंध में पूछताछ की। थाना प्रभारी हाथरस गेट नितिन कसाना ने बताया कि महिला के बयान एवं परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का उपचार जिला अस्पताल में जारी है और पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

Next News :-गृह क्लेश से आहत युवक ने खाया जहर, गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर

For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page