सासनी 30 मई । आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-93 पर स्थित सासनी कोतवाली चौराहे के निकट शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान सासनी क्षेत्र के बिजलीघर निवासी शोभी पुत्र शबीर अली के रूप में हुई है। बताया गया है कि शोभी अपनी बाइक से सासनी से घर लौट रहा था। जैसे ही वह कोतवाली चौराहे के निकट पहुंचा, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शोभी बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और राहगीरों की सहायता से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही फरार वाहन और चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा वाहन की पहचान होने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






















