Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 मई । प्रदेश सरकार की ‘प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलम्बन’ (एग्री जंक्शन) योजना के तहत अलीगढ़ मंडल के सभी ब्लॉकों में कृषि वन स्टॉप शॉप खोली जाएंगी। इस योजना के माध्यम से मंडल के 34 बेरोजगार कृषि स्नातकों का चयन कर उन्हें उद्यमी के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। इन केंद्रों पर किसानों को एक ही छत के नीचे खाद, बीज और कीटनाशक दवाएं उपलब्ध होंगी। संयुक्त कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने बताया कि चयनित युवाओं को खाद, बीज और कीटनाशी बिक्री के लिए निशुल्क लाइसेंस प्रदान किए जाएंगे। व्यवसाय शुरू करने के लिए यदि युवा बैंक से ऋण (लोन) लेते हैं, तो उन्हें ब्याज पर अनुदान (सब्सिडी) दिया जाएगा। इसके अलावा, किराए पर दुकान लेकर केंद्र संचालित करने वालों को एक वर्ष तक अधिकतम दो हजार रुपये प्रति माह किराया भी विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। योजना के तहत मंडल के प्रत्येक ब्लॉक से एक युवा का चयन किया जाना है। मिली जानकारी के अनुसार अलीगढ़ में 12, एटा में 08, हाथरस में 07 एवं कासगंज में 07 वन स्टॉप शॉप खुलेंगी। इनका चयन जिलाधिकारी (DM) एवं मुख्य विकास अधिकारी (CDO) की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

योजना के लिए उत्तर प्रदेश के मूल निवासी बेरोजगार कृषि स्नातक पात्र होंगे। इसके अलावा कृषि व्यवसाय प्रबंधन, उद्यान, पशुपालन, वानिकी, दुग्ध, पशु चिकित्सा और मुर्गीपालन में डिग्री धारक भी आवेदन कर सकते हैं। अनुभव प्राप्त डिप्लोमाधारी और कृषि विषय से इंटरमीडिएट उत्तीर्ण आवेदकों पर भी विचार किया जाएगा।

आयु सीमा और जरूरी दस्तावेज

आवेदक की आयु 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, जनजाति और महिलाओं को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी। आवेदन के लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार, जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, पैनकार्ड, निवास प्रमाण पत्र, शपथ-पत्र और शैक्षिक मार्कशीट अनिवार्य हैं।

30 मई तक करें आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट http://agriculture.up.gov.in/Agrijunction पर जाकर 30 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page