Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 मई । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद में मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के लिए थाना ए.एच.टी.यू. (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) द्वारा हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने यात्रियों, महिलाओं और छात्र-छात्राओं को इस अपराध के खतरों और बचाव के तरीकों के प्रति सचेत किया।

लालच और शोषण से बचने की सलाह

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक श्री अरविंद राठी ने बताया कि मानव तस्कर अक्सर लोगों को अच्छी नौकरी, बेहतर शिक्षा, विवाह या सुखद जीवन का लालच देकर अपना शिकार बनाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने की सलाह दी। पुलिस टीम ने सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए होने वाले अपराधों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार-प्रसार

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को आपातकालीन सेवाओं के बारे में जागरूक करते हुए महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 के महत्व को समझाया। ए.एच.टी.यू. टीम ने स्पष्ट किया कि मानव तस्करी के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन के सहयोग से ही इस अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

यह टीम रही मौजूद

जागरूकता अभियान में प्रभारी निरीक्षक अरविंद राठी के साथ मुख्य आरक्षी योगेश सेंगर, आरक्षी अनुज कुमार, शिवम और सूर्यकांत शामिल रहे। साथ ही हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर तैनात आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक श्री रणजीत सिंह और जीआरपी प्रभारी उपनिरीक्षक श्री सत्यवीर सिंह ने भी मय फोर्स कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page