Hamara Hathras

Latest News

सासनी 25 जून । कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव सांदलपुर स्थित विजय ईंट भट्टे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में भट्टे के मुनीम की मौके पर ही मौत हो गई। मिट्टी से भरे एक अनियंत्रित डंपर ने सड़क पार कर रहे मुनीम को रौंद दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पूरन सिंह पुत्र वेदरिया राम निवासी नगला छाहरी, पोस्ट तिहरा, थाना सैया जनपद आगरा के रूप में हुई है। वह सांदलपुर स्थित विजय ईंट भट्टे पर मुनीम के पद पर कार्यरत थे। बताया गया है कि गुरुवार सुबह 10 बजे करीब पूरन सिंह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान मिट्टी से लदा एक तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित डंपर उन्हें टक्कर मारते हुए निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही देदामई पुलिस चौकी प्रभारी यतेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा हादसे के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page