Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 31 मई । बीएड की परीक्षा देने जा रही एक छात्रा की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पिता घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव इटरनी निवासी दिव्यांशी शर्मा उर्फ दामिनी शर्मा (22) पुत्री प्रेम कुमार शर्मा शनिवार शाम अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल से अलीगढ़ जा रही थीं। वह राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध बीएड परीक्षा में शामिल होने वाली थीं। रविवार सुबह उनकी परीक्षा निर्धारित थी, जिसके चलते वह परीक्षा केंद्र के निकट रहने वाले परिजनों के यहां रुकने जा रही थीं। बताया जाता है कि शाम करीब सात बजे अलीगढ़ शहर में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोरावर थाना क्षेत्र की एक पुलिस चौकी के निकट पीछे से आए एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दिव्यांशी सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान वाहन का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में छात्रा के पिता प्रेम कुमार शर्मा भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। दिव्यांशी शर्मा तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर थीं। वह स्वभाव से मृदुभाषी, प्रतिभावान और होनहार छात्रा मानी जाती थीं। उनके पिता प्रेम कुमार शर्मा कस्बा हसायन के मोहल्ला किलाखेड़ा स्थित श्री हनुमान इंटर कॉलेज में संस्कृत एवं अंग्रेजी विषय के शिक्षक हैं। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद छात्रा के शव का अंतिम संस्कार राजघाट गंगाघाट पर किया गया। मुखाग्नि उनके छोटे भाई आयुष ने दी। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना रहा। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के अनेक सामाजिक एवं राजनीतिक लोगों ने शोक व्यक्त किया। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुमंत किशोर सिंह ने परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत छात्रा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page