Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 जून। बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ओपीडी के निकट स्थित कबाड़ स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग ने देखते ही देखते सोलर पैनल और अस्पताल की बिजली लाइन को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे अस्पताल की विधुत व्यवस्था ठप हो गई। घटना के बाद मरीजों और उनके तीमारदारों में दहशत फैल गई तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। अस्पताल कर्मियों ने फायर सिलेंडरों और पानी की बाल्टियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपये की लागत से लगाए गए फायर सेफ्टी सिस्टम आपात स्थिति में पूरी तरह निष्क्रिय साबित हुए। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) के अनुसार फायर सेफ्टी सिस्टम को संचालित करने के लिए कोई प्रशिक्षित ऑपरेटर तैनात नहीं है, जिसके कारण सिस्टम समय पर काम नहीं कर सका। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब अस्पताल में आधुनिक सुरक्षा उपकरण मौजूद हैं तो उनके संचालन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई और मरीजों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है। यह घटना स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधन की पोल खोलती नजर आ रही है। वहीं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा जिलाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार प्रारंभिक जांच में बंदरों द्वारा बिजली के तारों पर लटकने से शॉर्ट सर्किट होना आग लगने का कारण बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page