हाथरस 10 जुलाई। सिद्धपीठ बनखंडी महादेव मंदिर परिसर स्थित लगभग 300 वर्ष पुराने पौराणिक कुंडा कुंड के पुनरुद्धार, गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन–चौधरी चरण सिंह ने आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन ने इस संबंध में प्रशासन से हाथरस से लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय तक शांतिपूर्ण पदयात्रा/कूच की अनुमति मांगी है। भारतीय किसान यूनियन–चौधरी चरण सिंह के जिला उपाध्यक्ष प्रशांत शर्मा ने बताया कि ग्राम मांगरू, तहसील सादाबाद स्थित सिद्धपीठ बनखंडी महादेव मंदिर का ऐतिहासिक कुंड वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। उचित रखरखाव के अभाव में कुंड पूरी तरह सूख चुका है और जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच गया है। इसे लेकर क्षेत्र के किसान, शिवभक्त और स्थानीय नागरिक लंबे समय से पुनरुद्धार की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संगठन एवं स्थानीय श्रद्धालुओं की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी प्रार्थना-पत्र भेजा जा चुका है। अब मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा में हाथरस से लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय तक शांतिपूर्ण पदयात्रा निकालने का निर्णय लिया गया है। प्रशांत शर्मा ने जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना-पत्र में पदयात्रा के लिए आवश्यक प्रशासनिक अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं कानून-व्यवस्था का पालन करते हुए निकाली जाएगी तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। किसान नेताओं का कहना है कि बनखंडी महादेव मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में प्राचीन कुंड का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण न केवल धार्मिक दृष्टि से बल्कि सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी आवश्यक है। संगठन ने उम्मीद जताई है कि सरकार और प्रशासन इस जनभावना का सम्मान करते हुए जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेंगे।
























