
हाथरस 25 मई। आज जनपद में गंगा दशहरा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। देवालयों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। अलीगढ़ रोड स्थित लेबर कॉलोनी पर सभासद नवीन सबलोक व नवल नगर के बाहर समाजसेवी रवि चौहान से शरबत वितरित किया। गंगा दशहरा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए विभिन्न गंगा घाटों की ओर रवाना हुए। श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर दान-पुण्य किया तथा मां गंगा की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शहर के मंदिरों में मां गंगा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। वहीं विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह शरबत, मीठे दूध और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों और श्रद्धालुओं ने प्याऊ पर पहुंचकर शीतल पेय का आनंद लिया। ब्रज की देहरी कहे जाने वाले हाथरस में गंगा दशहरा पर्व का विशेष महत्व माना जाता है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों ने पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाया। मंदिरों में सुबह से विशेष पूजा, हवन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अलीगढ़ रोड स्थित नहर पर लगा मेले जैसा माहौल शहर के अलीगढ़ रोड स्थित नहर क्षेत्र में भी मेले जैसा दृश्य देखने को मिला। जो श्रद्धालु गंगा घाटों तक नहीं जा सके, उन्होंने नहर में स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। नहर किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। लोगों ने स्नान के बाद पूजा-अर्चना की और परिवार की खुशहाली की कामना की। वहीं मंदिरों में देर शाम तक भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों का दौर चलता रहा।






















