
हाथरस 11 जुलाई। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ATUL VTAS एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने थाना हाथरस गेट पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन किया जाए तथा विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अवैध कब्जों और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, जिससे आमजन का प्रशासन और पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को स्थानीय स्तर पर त्वरित न्याय एवं प्रभावी प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों के निस्तारण में पूरी जिम्मेदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। थाना समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद, अवैध कब्जे एवं अन्य राजस्व तथा पुलिस संबंधी मामलों की शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके शीघ्र एवं नियमानुसार निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी हाथरस गेट, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











