
हाथरस 12 जुलाई। स्कूली वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर संचालन करने के खिलाफ परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की कार्रवाई के विरोध में शनिवार को कई निजी स्कूल वाहन चालकों ने हड़ताल कर दी। इसके चलते अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें स्वयं अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने एवं लेने जाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से आरटीओ और यातायात पुलिस द्वारा स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान कई वैन निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाते हुए मिलीं। इस पर एक वाहन को सीज किया गया, जबकि अन्य वाहनों के चालान काटकर चालकों को भविष्य में ओवरलोडिंग न करने की सख्त चेतावनी दी गई। कार्रवाई से नाराज होकर शनिवार को अलीगढ़ रोड स्थित एक निजी विद्यालय के बच्चों को लाने-ले जाने वाले कई वाहन चालकों ने वाहन संचालन बंद कर दिया। सुबह वाहन नहीं पहुंचने पर अभिभावकों को स्वयं बच्चों को स्कूल पहुंचाना पड़ा। वहीं छुट्टी के समय भी बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेने विद्यालय पहुंचे। अभिभावकों का कहना था कि वाहन चालकों ने अचानक हड़ताल कर दी और इसकी पूर्व सूचना भी नहीं दी, जिससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ा। उधर, वाहन चालकों ने परिवहन विभाग की कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। वहीं एआरटीओ लक्ष्मण प्रसाद ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूली वाहनों के खिलाफ चलाया जा रहा चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
Next News :-पुलिस के नाम पर महिला से 75 हजार रुपये की अवैध वसूली करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













