Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 मई । प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी एवं लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किए जाने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में शासन को संबोधित एक ज्ञापन के माध्यम से छात्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल अवकाश घोषित करने की अपील की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान समय में प्रदेशभर में अत्यधिक गर्मी के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। शासन द्वारा अधिकांश विद्यालयों में गर्मी को देखते हुए अवकाश घोषित किया जा चुका है, लेकिन कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में छात्राएं अभी भी विद्यालय परिसर में रहने को विवश हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अत्यधिक तापमान के कारण छात्राओं के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है। साथ ही यह भी कहा गया कि इन विद्यालयों में अध्ययनरत अधिकांश छात्राएं ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से सामान्य परिवारों से आती हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दिया जाना आवश्यक है।  मांग की गई है कि प्रदेश के समस्त कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में तत्काल ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाए, जिससे छात्राओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके। ज्ञापन में आशा व्यक्त की गई है कि शासन छात्राओं के हित एवं स्वास्थ्य की गंभीरता को देखते हुए इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page