
हाथरस 03 जून । भारतीय किसान यूनियन (अमर टिकैत) के पदाधिकारियों ने जनपद की स्वास्थ्य एवं बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, 24 घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि जिला चिकित्सालय हाथरस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन पर्याप्त चिकित्सीय संसाधनों और विशेषज्ञ सुविधाओं के अभाव में गंभीर मरीजों को अक्सर अलीगढ़, आगरा एवं अन्य जनपदों के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। इससे विशेष रूप से गरीब, किसान एवं मजदूर वर्ग के लोगों को आर्थिक, शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। भाकियू (अमर टिकैत) ने मांग की कि जिला चिकित्सालय में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाए तथा 24 घंटे प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सके। संगठन ने ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में पेयजल संकट, खराब पड़े हैंडपंप, टूटी एवं जर्जर सड़कें, नालियों की खराब स्थिति, गंदगी से भरे तालाब, जलभराव तथा संक्रामक बीमारियों के बढ़ते खतरे का उल्लेख किया गया। विशेष रूप से ग्राम नगला जावर सहित अन्य गांवों में नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि इन समस्याओं के कारण ग्रामीणों को दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ रहे हैं।


























