Hamara Hathras

Latest News

लखनऊ 13 सितम्बर। दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर दिल्ली, मुंबई समेत अन्य महानगरों से उत्तर प्रदेश आने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराने के लिए रेलवे ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। दीपावली के दौरान ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग को देखते हुए तत्काल कोटे की सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए रेलवे बोर्ड से अनुमति मांगी गई है। प्रस्ताव मंजूर होने पर तत्काल कोटे की सीटें लगभग दोगुनी होकर 12 हजार से अधिक हो सकती हैं। दीपावली से पहले लखनऊ आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। त्योहार के बाद वापसी के लिए भी यात्रियों को कन्फर्म सीटों के लिए जूझना पड़ रहा है। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस, गोमती, अयोध्या-दिल्ली, काशी विश्वनाथ, गोरखधाम और वैशाली समेत कई ट्रेनों में सीटों की मारामारी है। वहीं मुंबई रूट की पुष्पक, अवध, कुशीनगर और गोरखपुर-एलटीटी तथा हावड़ा रूट की अमरनाथ, बाघ सहित अन्य ट्रेनों में भी वेटिंग के चलते यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की सुविधा को देखते हुए तत्काल कोटे की सीटों में अस्थायी बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया गया है। वर्तमान में लखनऊ से दिल्ली, मुंबई और हावड़ा रूट की ट्रेनों में करीब 6500 सीटें तत्काल कोटे में हैं। इनमें लगभग 4200 स्लीपर और 2300 एसी श्रेणी की सीटें शामिल हैं। हालांकि ट्रेनों और उपलब्धता के अनुसार इनकी संख्या में बदलाव होता रहता है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद दीपावली के दौरान तत्काल कोटे की सीटों की संख्या 12 हजार से अधिक हो सकती है। त्योहार समाप्त होने के बाद सीटों की संख्या पूर्ववत कर दी जाएगी। तत्काल कोटे की सीटों में दलालों की सेंधमारी रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। रेलवे स्टेशनों के आरक्षण केंद्रों पर आरपीएफ जवान सादी वर्दी में तैनात किए जाएंगे। वहीं आरपीएफ की सीआईबी टीम प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर तत्काल टिकटों की बुकिंग में गड़बड़ी करने वाले दलालों के खिलाफ कार्रवाई और छापेमारी करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page