
हाथरस 13 सितम्बर। हाथरस के ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज में इस बार पारंपरिक झूलों और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ कई नए आकर्षण देखने को मिलेंगे। मेले का मुख्य आकर्षण इस बार जलपरी शो रहेगा। मेले के इतिहास में पहली बार दर्शकों को विशाल कांच के एक्वेरियम और टैंकों में पानी की परियों को तैरते और हैरतअंगेज करतब दिखाते देखने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही पहली बार मिक्सर झूला भी मेले में रोमांच का नया अनुभव कराएगा। मिक्सर झूले का सामान मेला परिसर में पहुंच चुका है और इसे लगाने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। झूला संचालक मोदीनगर, गाजियाबाद निवासी भूरा भाई ने बताया कि झूले में एक साथ करीब 30 से 40 युवक और बच्चे सवार हो सकेंगे। यह झूला घूमने के साथ तेज गति से अपनी दिशा बदलेगा, जिससे सवारों को रोमांचक अनुभव मिलेगा। पहली बार लगाए जा रहे इस झूले को लेकर युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
हर वर्ष दाऊजी मेले में अलग-अलग तरह के झूले, खेल-तमाशे और मनोरंजन के साधन लोगों के आकर्षण का केंद्र रहते हैं। इस बार मिक्सर झूला मेले में आने वाले लोगों को अलग तरह का रोमांच देने की तैयारी में है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह झूला विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को पसंद आएगा। वहीं जलपरी शो को मेले का सबसे खास आकर्षण बनाने की तैयारी है। इस मनोरंजन कार्यक्रम की जिम्मेदारी अमरोहा निवासी ठेकेदार अब्दुला संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि शो के लिए रूस और जापान की पेशेवर महिला कलाकारों से संपर्क किया जा रहा है। ये कलाकार जलपरी के रूप में पानी के भीतर विभिन्न प्रकार के करतब और नृत्य प्रस्तुत करेंगी। विशाल एक्वेरियम में पानी के अंदर होने वाली इन प्रस्तुतियों को दर्शक एक अलग और रोमांचक अनुभव के रूप में देख सकेंगे। दाऊजी मेले में पहली बार होने जा रहे जलपरी शो और मिक्सर झूले को लेकर अभी से लोगों में उत्सुकता है। पारंपरिक धार्मिक आयोजनों के साथ मनोरंजन के इन नए साधनों से इस बार मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को कुछ अलग देखने को मिलेगा।





