Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 सितम्बर।हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर में शनिवार सुबह खेत पर शौच के लिए गए 75 वर्षीय किसान रामगोपाल पर अचानक नीलगाय ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल किसान की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ निराश्रित और जंगली जानवरों को लेकर दहशत का माहौल है। बताया गया है कि गांव निवासी रामगोपाल रोज की तरह शनिवार सुबह अपने खेत पर गए थे। खेत पर टहलने के बाद वह शौच के लिए गए। इसी दौरान खेत में मौजूद नीलगाय ने अचानक उन पर हमला कर दिया। किसान ने खुद को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नीलगाय ने उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। रामगोपाल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद नीलगाय को वहां से खदेड़ा।

ग्रामीणों ने घायल रामगोपाल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रामगोपाल अपने चार बेटों के साथ खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। घटना की जानकारी मिलने पर हाथरस जंक्शन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। सीओ अमित पाठक ने बताया कि किसान के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना के बाद हिम्मतपुर और आसपास के गांवों में नीलगायों को लेकर ग्रामीणों में भय बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में नीलगायों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। नीलगायों के कारण जहां फसलों को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं अब ग्रामीणों की जान पर भी खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निराश्रित और जंगली पशुओं से किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page