
हाथरस (मुरसान) 13 सितम्बर। मुरसान थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत पर गई युवती के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। युवती के पिता ने गांव के ही एक युवक पर गलत नीयत से पकड़ने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने युवती का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया है। युवती के पिता के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उनकी बेटी गांव के पास खेत पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसे गलत नीयत से पकड़ लिया। युवती ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। मामले की जानकारी होने के बाद शनिवार को गांव में दोनों पक्षों के लोगों की बैठक हुई। बैठक में विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद युवती के पिता अपनी पत्नी और बेटी को लेकर मुरसान कोतवाली पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने और उसकी गिरफ्तारी की मांग की है।








