Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 31 मई । सदर कोतवाली क्षेत्र के करबला रोड पर शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक 45 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। मृतक के स्वजन ने मोहल्ले के एक झोलाछाप पर गलत दवा देने और लापरवाही से इलाज करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। चंदपा के गांव मोहनपुरा निवासी सूरजपाल पिछले कुछ समय से हाथरस के करबला रोड पर रह रहा था और अपने गांव में खेती-बाड़ी का काम करता था। शनिवार शाम को अचानक उसके पेट में तेज दर्द उठा। दर्द से परेशान सूरजपाल ने करबला रोड स्थित मोहल्ले के ही एक झोलाछाप से दवा ली और उसे खा लिया। स्वजन के अनुसार, दवा खाने के कुछ देर बाद ही सूरजपाल की तबीयत और बिगड़ने लगी। उसे उल्टी-दस्त और बेचैनी होने लगी। हालत लगातार खराब होती देख परिवार में अफरा-तफरी मच गई। रात करीब 10 बजे स्वजन सूरजपाल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद सूरजपाल को मृत घोषित कर दिया। सूरजपाल की मृत्यु की सूचना मिलते ही स्वजन ने आक्रोश जताया और आरोप लगाया कि झोलाछाप ने बिना सही जांच-पड़ताल के गलत दवा दे दी, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। स्वजन की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले में स्वजन की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में झोलाछापों द्वारा इलाज करने की बढ़ती घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page