Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 अगस्त। ग्राम पंचायत राजपुर में पहली बार स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 35 यूनिट रक्तदान किया। यह शिविर हर्षिता वार्ष्णेय के जन्मदिवस के अवसर पर ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी के सानिध्य में आयोजित आठवां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर था। शिविर में विभिन्न ब्लड ग्रुप का रक्त एकत्र किया गया। ग्राम स्तर पर पहली बार आयोजित रक्तदान शिविर को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने आगे आकर रक्तदान कर समाजसेवा की मिसाल पेश की। ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवनदान के समान है। प्रत्येक स्वस्थ एवं योग्य व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए, ताकि रक्त की कमी के कारण किसी जरूरतमंद का जीवन खतरे में न पड़े। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने की पहल को महत्वपूर्ण बताया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सहभागिता की अपील की। राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि एडीएचआर ने जन्मदिन और शादी की सालगिरह जैसे पारिवारिक उत्सवों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की पहल की है। इस तरह के आयोजनों से समाज में रक्तदान को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हर्षिता वार्ष्णेय के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित कर समाज को ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी के जन्मदिन पर रक्तदान कर किसी को जीवनदान दो’ का प्रेरणादायक संदेश दिया गया। शिविर के दौरान हर्षिता वार्ष्णेय के जन्मदिवस पर केक काटकर उन्हें शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया गया। उपस्थित लोगों ने ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आयोजनों को सकारात्मक सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी ने सभी रक्तदाताओं, आयोजकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का महान कार्य है। शिविर में एडीओ पंचायत केके गौतम, सचिव प्रकाश चंद्र, अलंकार अग्निहोत्री, कमलकांत दोवराबाल, शैलेंद्र सांवलिया, राजेश वार्ष्णेय, अनिल अग्रवाल, रवि गुप्ता, मुरारी चौधरी, अरविंद कुमार, दीपक अग्रवाल, सागर अग्निहोत्री, भारत कुमार, सोनू कुमार, पल्लव अग्निहोत्री, अमित अग्निहोत्री, कृष्णा अग्निहोत्री, माधव अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page