Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 सितम्बर। शहर के आगरा रोड स्थित दीक्षित भवन के पास खुले प्लॉट में डेयरी का गोबर डाले जाने से आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों और प्लॉट स्वामी ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है। गोबर के कारण नाली भी गंदगी से अटी पड़ी है और क्षेत्र में दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। प्लॉट स्वामी प्रदीप दीक्षित और स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में संचालित एक डेयरी में करीब 10 से 12 भैंसें हैं। आरोप है कि डेयरी से निकलने वाला गोबर खुले प्लॉट में डालने के साथ-साथ नाली में भी बहाया जा रहा है। इससे नाली में गोबर और गंदगी जमा हो गई है। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि दुर्गंध इतनी अधिक है कि घरों के बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है। स्थानीय निवासी प्रभा और रामकुमार मिश्रा ने बताया कि बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। नालियों में गोबर जमा होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित होती है और आसपास जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। लोगों ने आशंका जताई कि गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि जब डेयरी संचालक से खुले में गोबर नहीं डालने के लिए कहा जाता है तो विवाद की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर पहले भी संबंधित स्तर पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय निवासियों और प्लॉट स्वामी ने संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। लोगों ने खुले में गोबर डाले जाने पर रोक लगाने, नाली की तत्काल सफाई कराने और जलभराव एवं दुर्गंध की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page