Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 सितम्बर। मेला श्री दाऊ जी महाराज में मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक कॉमेडी और डांस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल, अमित महाराणा और अरशद ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से लोगों को खूब गुदगुदाया। वहीं नटराज डांस ग्रुप के कलाकारों ने विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग जमा दिया। कार्यक्रम में सुनील पाल ने अपने खास अंदाज में हास्य प्रस्तुतियां पेश कीं, जिस पर मौजूद दर्शक ठहाके लगाते नजर आए। अमित महाराणा ने भी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े किस्सों और परिस्थितियों को मजाकिया अंदाज में प्रस्तुत कर लोगों का मनोरंजन किया। अरशद ने भी अपनी कॉमेडी से दर्शकों को हंसाया। नटराज डांस ग्रुप की नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मनोरंजन का एक अलग रंग जोड़ा। बड़े कलाकारों की मौजूदगी और मनोरंजक प्रस्तुतियों के बावजूद कार्यक्रम में अपेक्षा के अनुरूप दर्शकों की भीड़ नजर नहीं आई। पंडाल में कई कुर्सियां खाली दिखाई दीं। ऐसे में कार्यक्रम के दौरान दर्शकों की संख्या को लेकर मेला आयोजन और प्रचार-प्रसार की व्यवस्थाओं पर चर्चा होती रही। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, भाजपा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, एडीएम प्रशांत तिवारी, एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह और एसडीएम सासनी शिव प्रकाश यादव की मौजूदगी में हुआ। अतिथियों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। देर रात से बुधवार सुबह तक चले कार्यक्रम में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने का पूरा प्रयास किया। हालांकि, कार्यक्रम स्थल पर अपेक्षाकृत कम दर्शक पहुंचने के कारण पंडाल के कई हिस्सों में कुर्सियां खाली नजर आईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page