Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 23 मई । भारतीय सेना के जवान अखिलेश कुमार की दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में सादाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कोर्ट में आत्मसमर्पण करने वाले दो आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद कर ली गई। बताया गया कि 5 फरवरी 2026 को हाथरस रोड स्थित चंद्रा फार्म हाउस के निकट भारतीय सेना के जवान अखिलेश कुमार पुत्र देवेंद्र सिंह निवासी ग्राम समदपुर की फिल्मी अंदाज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की बहन डौली कुमारी द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया था कि अखिलेश हाथरस न्यायालय से तारीख कर अपने मित्र की कार से आगरा लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे ईको कार और बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी, जिससे अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस बहुचर्चित हत्याकांड को पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी एवं हथियार बरामदगी के निर्देश दिए थे। पुलिस दबाव के चलते मामले के दो मुख्य आरोपी यतेन्द्र पुत्र सत्यवीर सिंह निवासी खजुरिया थाना मुरसान तथा आशीष शर्मा पुत्र सुरेश चंद्र निवासी हीरागढ़ी थाना चंदपा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था, जिसके बाद उन्हें अलीगढ़ जेल भेजा गया था। न्यायालय के आदेश पर सादाबाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलीगढ़ जेल से पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में की गई सख्त पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल हथियारों का ठिकाना बता दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर के दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा एक बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है, जिससे मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page