Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 17 मई । कोतवाली क्षेत्र के बसई बावस गांव में रविवार को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह के अवसर पर प्रस्तावित शोभायात्रा को प्रशासन ने अनुमति न मिलने के कारण आयोजित नहीं होने दिया। बिना अनुमति शोभायात्रा निकाले जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और जनपद पुलिस बल गांव पहुंच गया और स्थिति पर नजर रखी। जानकारी के अनुसार गांव में महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में शोभायात्रा एवं मेले की तैयारी की गई थी। हालांकि प्रशासन ने पूर्व में ही स्पष्ट कर दिया था कि नई धार्मिक परंपराओं, मेलों और शोभायात्राओं को अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन का कहना था कि केवल वही आयोजन स्वीकृत किए जाएंगे जो सरकारी अभिलेखों में दर्ज हों और वर्षों से नियमित रूप से आयोजित होते आ रहे हों। कार्यक्रम आयोजक गौरव पुंढीर ने बताया कि ग्रामीणों और आयोजकों ने कई दिनों तक शोभायात्रा की अनुमति प्राप्त करने का प्रयास किया, लेकिन अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद प्रशासन द्वारा गांव के एक निर्धारित स्थान पर टेंट लगाकर महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित करने, विचार गोष्ठी आयोजित करने तथा शांतिपूर्ण सभा करने की अनुमति प्रदान की गई। इस दौरान सुमंत किशोर सिंह भी अपने समर्थकों के साथ गांव पहुंचे और प्रशासन से शोभायात्रा की अनुमति देने की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए अनुमति देने से इंकार कर दिया। प्रशासन की मौजूदगी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके शौर्य, पराक्रम तथा राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page