Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 10 अक्टूबर। जनपद के विकासखंड हसायन क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र नगला वीरीसहाय के अंतर्गत आने वाले गांव नगला सकत में बिजली की लाइन कई वर्षों से विद्युत पोल के बिना मकान के छज्जे और लकड़ी के सहारे लटक रही है। इससे मकान में रहने वाले परिवार सहित आसपास के ग्रामीणों पर हादसे का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत विभाग ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया है। गांव निवासी विजय पाल, बबलू, नौबत सिंह, सुरेश चंद, परदेशी, गुड्डी देवी, रचना, राजू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि कई वर्ष पहले एक वाहन की टक्कर से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया था। इसके बाद बिजली की लाइन को मकान के छज्जे पर टिकाकर लकड़ी के सहारे लटका दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, तब से अब तक लाइन इसी स्थिति में बनी हुई है और नया विद्युत पोल स्थापित नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लटकती विद्युत लाइन के कारण बच्चों और बड़ों को करंट लगने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। बिजली के तारों की ऐसी स्थिति के चलते मकान में रहने वाले परिवार और आसपास के लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों को आशंका है कि समय रहते लाइन को सुरक्षित नहीं किया गया तो कोई गंभीर हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने का दावा करते हुए सवाल उठाया कि क्या विभाग किसी बड़ी घटना के बाद ही कार्रवाई करेगा? उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर मकान के छज्जे और लकड़ी के सहारे लटक रही विद्युत लाइन को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित कराने तथा मौके पर नया विद्युत पोल लगवाने की मांग की है। इस संबंध में हसायन के विद्युत उपखंड अधिकारी शुभम सिंह से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं, अवर अभियंता इकरार अली ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है, क्योंकि उनकी तैनाती हाल ही में हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मौके का निरीक्षण कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा। अब देखना होगा कि विद्युत विभाग ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कब तक इस समस्या का स्थायी समाधान कराता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page