Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 24 सितम्बर। हसायन क्षेत्र के गांव मंगलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को स्कूल बंद करते समय 35 वर्षीय शिक्षक अरुण गोविंद शर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल हाथरस ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ के निजी अस्पताल के लिए रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार चिकित्सकों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है। ममेरे भाई आकाश दीक्षित ने बताया कि अरुण गोविंद शर्मा पुत्र रामनिवास गांव मंगलपुर के ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। बुधवार को उन्होंने रोज की तरह विद्यालय खोला और बच्चों को पढ़ाया। छुट्टी होने के बाद वह विद्यालय का गेट बंद करने पहुंचे। स्कूल स्टाफ भी मौके पर मौजूद था। गेट पर ताला लगाते समय अचानक वह जमीन पर गिर पड़े और उन्हें घबराहट होने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में अलीगढ़ ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीएसए रणवीर सिंह ने भी शिक्षक की हार्ट अटैक से मौत की जानकारी मिलने की पुष्टि की है।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

अरुण गोविंद शर्मा परिवार के इकलौते बेटे थे। वर्ष 2019 में उनका विवाह हुआ था और उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां हैं। इकलौते बेटे की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिचित विनय चतुर्वेदी, अरुण शर्मा और चेतन शर्मा ने बताया कि अरुण गोविंद बेहद मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन की खबर से गांव और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व विधायक यशपाल सिंह चौहान, उमाशंकर शर्मा सहित अन्य लोगों ने शिक्षक के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page