Hamara Hathras

Latest News

सासनी 24 सितम्बर। केएल जैन इंटर कॉलेज, सासनी में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, पेंटिंग, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं और वक्तव्यों के माध्यम से भारत के विकास, शिक्षा, स्वच्छता, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण को लेकर विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सेवा दिवस के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और सेवा भावना का संदेश दिया। नाटक के जरिए सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष हाथरस प्रेम सिंह कुशवाहा तथा विशिष्ट अतिथि विद्यालय के उप प्रबंधक अंजय कुमार जैन, भाजपा जिला मंत्री पवत रावत एवं विपुल लुहाड़िया मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि प्रेम सिंह कुशवाहा ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। उप प्रबंधक अंजय कुमार जैन ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ समाज के प्रति संवेदनशील बनने का अवसर मिलता है। पवत रावत एवं विपुल लुहाड़िया ने विद्यार्थियों से सेवा एवं समाजहित के कार्यों में आगे बढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा तथा विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और नुक्कड़ नाटक में सक्रिय सहभागिता की। समापन पर प्रधानाचार्य डॉ. दीपक जैन ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा का संस्कार और राष्ट्र के प्रति समर्पण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को मजबूत आधार देता है तथा ऐसे कार्यक्रम उन्हें अपनी प्रतिभा के साथ समाज के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page