सिकन्दराराऊ 10 सितंबर। महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिकंदरा राऊ में गुरुवार को महान स्वतंत्रता सेनानी, राष्ट्रवादी चिंतक एवं कुशल प्रशासक पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जन्म जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. शैफाली सुमन के दिशा-निर्देशन में समारोह प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं के समक्ष पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन कराया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर प्राचार्या प्रो. शैफाली सुमन एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
स्वतंत्रता आंदोलन से राजनीतिक जीवन तक की दिखाई गई झलक
प्रदर्शित डॉक्यूमेंट्री में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के प्रारंभिक जीवन से लेकर स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका तथा स्वतंत्र भारत में उनके राजनीतिक एवं प्रशासनिक योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। डॉक्यूमेंट्री में उनके जन्म, शिक्षा और वकालत के साथ-साथ राष्ट्रीय आंदोलन से जुड़ने की परिस्थितियों को भी छात्र-छात्राओं के सामने रखा गया। इस अवसर पर वर्षा जादौन, अरमान शैफी, अजीम और कशिश सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
युवाओं से राष्ट्रसेवा की भावना अपनाने का आह्वान
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. शैफाली सुमन ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन को राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रतिमूर्ति बताते हुए युवा पीढ़ी से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। प्राचार्या ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के सत्यनिष्ठ राजनीतिक जीवन से जुड़ी विभिन्न घटनाओं की जानकारी भी छात्र-छात्राओं को दी। कार्यक्रम में प्रो. विनीता, प्रो. मंजू उपाध्याय, प्रो. संजीव कुमार, डॉ. हिमांशु राय, डॉ. अजब सिंह, डॉ. जितेंद्र कुमार परमार, डॉ. दिनेश चंद्र शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं विशिष्टजन मौजूद रहे।





