Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 09 सितम्बर। क्षेत्र के गांव थरौरा निवासी शीला देवी पत्नी रामेश्वर ने गांव के ही छह-सात नामजद लोगों पर मकान पर कब्जा करने के प्रयास, दीवार व गेट तोड़ने, गाली-गलौज और घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार 29 अगस्त 2026 की शाम करीब चार बजे गांव के ही छह-सात नामजद लोग उसके घर पहुंचे और मकान की दीवार गिराने तथा गेट तोड़ने लगे। परिवार के लोगों ने इसका विरोध करते हुए ऐसा करने का कारण पूछा तो आरोपियों ने कथित तौर पर कहा कि उन्होंने मकान खरीद लिया है। पीड़िता के पति रामेश्वर ने उनसे मकान खरीदने के दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन आरोपियों ने कोई दस्तावेज नहीं दिखाए। शीला देवी का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर वह घर के अंदर चली गईं, लेकिन आरोपी घर में घुस आए और लाठी-डंडों से उनके साथ मारपीट की। उन्होंने छेड़छाड़ और अभद्रता करने का भी आरोप लगाया है। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित होने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद वह कोतवाली पहुंचीं, लेकिन उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने सीओ एवं एसडीएम से भी मामले की शिकायत की। वहीं कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी का कहना है कि महिला को कोतवाली में लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया था, लेकिन उसकी ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि मामला जमीन एवं न्यायालय से संबंधित है। फिर भी लिखित शिकायत मिलने पर मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page