Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 09 सितम्बर। आज दोपहर कोतवाली क्षेत्र के गांव तामसी में प्रशासन ने सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई की। नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा के नेतृत्व में राजस्व टीम एवं पुलिस बल गांव पहुंचा और ग्राम समाज की नवीन परती एवं हरिजन आबादी की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए पशुओं के रहने के लिए टीनशेड को जेसीबी से ध्वस्त कराकर कब्जा हटवाया। कार्रवाई के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बताया गया कि गांव निवासी जय किशोर सहित ग्रामीणों ने दो व्यक्तियों द्वारा ग्राम समाज की नवीन परती एवं हरिजन आबादी की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत उपजिलाधिकारी से की थी। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम ने शनिवार को तहसीलदार सोनू बघेल के साथ राजस्व टीम एवं पुलिस को मौके पर भेजकर जांच एवं कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर शिकायत को सही पाया।

जांच के दौरान सामने आया कि जिन ग्रामीणों को ग्राम प्रधान की ओर से नवीन परती एवं हरिजन आबादी की भूमि का पट्टा किए जाने की बात बताई गई थी, वे मौके पर मौजूद नहीं थे। वहां उनके परिवार की महिलाएं मिलीं, लेकिन वे पट्टे से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सकीं। इस पर तहसीलदार ने अभिलेख प्रस्तुत करने अथवा अभिलेख न होने की स्थिति में स्वयं कब्जा हटाने के लिए दो दिन का समय दिया था। समय सीमा पूरी होने के बाद बुधवार को नायब तहसीलदार प्रतीक्षा कटारा राजस्व टीम एवं पुलिस बल के साथ गांव पहुंचीं। निर्देशों का पालन न होने पर टीम ने जेसीबी की मदद से सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाए गए पशुओं के रहने के स्थान को ध्वस्त कराकर जमीन को कब्जामुक्त कराया। उपजिलाधिकारी सादाबाद ऋतु सिरोही ने बताया कि गांव तामसी में नवीन परती एवं हरिजन आबादी की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत प्राप्त हुई थी। राजस्व टीम की जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कब्जाधारियों को अभिलेख प्रस्तुत करने अथवा स्वयं कब्जा हटाने के लिए दो दिन का समय दिया गया था। निर्धारित अवधि में कार्रवाई न होने पर बुधवार को प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवा दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page