Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 सितम्बर। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि चीनी की उपलब्धता को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित की जा रही अफवाहों पर कतई ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में वर्तमान समय में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम जनता अपनी आवश्यकता के अनुरूप खुले बाजार से चीनी खरीद सकती है। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक रूप से चीनी का भंडारण करने अथवा अफवाहों के कारण जरूरत से अधिक खरीदारी करने की आवश्यकता नहीं है।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी चीनी के थोक व्यापारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। थोक व्यापारियों को भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के पोर्टल पर अपने पास उपलब्ध चीनी के स्टॉक की स्थिति तत्काल घोषित करने तथा उसे नियमित रूप से प्रत्येक शुक्रवार को अपडेट करते रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा थोक व्यापारियों के स्टॉक की आकस्मिक जांच भी की जाएगी, ताकि बाजार में चीनी की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखी जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जांच के दौरान कोई व्यक्ति अथवा व्यापारी चीनी की जमाखोरी या कालाबाजारी में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के तहत कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने व्यापारियों से नियमों का पालन करने और स्टॉक की वास्तविक स्थिति नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज करने को कहा है। वहीं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं के आधार पर घबराकर खरीदारी न करें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें। प्रशासन ने कहा है कि जनपद में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page