सासनी 31 अगस्त। आज देर शाम हाईवे पर गांव बरसें के निकट पुलिया बाबा के पास बाइक और ऑटो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार 50 वर्षीय गेंदालाल और ऑटो सवार 62 वर्षीय बृज किशोर सक्सेना की मौत हो गई, जबकि गेंदालाल की 19 वर्षीय पुत्री शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवानी को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार अलीगढ़ के बादबामनी निवासी गेंदालाल अपनी 19 वर्षीय पुत्री शिवानी के साथ बाइक से हतीसा भगवंतपुर स्थित अपने मामा की ससुराल में तेरहवीं की दावत में शामिल होकर वापस गांव लौट रहे थे। सोमवार रात करीब दस बजे उनकी बाइक गांव बरसें के निकट पुलिया बाबा के पास पहुंची, तभी सासनी की ओर से आ रहे ऑटो चालक ने सामने चल रही दूसरी बाइक को बचाने के प्रयास में ओवरटेक किया। इसी दौरान सामने से आ रही गेंदालाल की बाइक से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गेंदालाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में बैठे हाथरस के नाई का नगला निवासी 62 वर्षीय बृज किशोर सक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने बृज किशोर को मृत घोषित कर दिया। वहीं शिवानी की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए।















