Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 31 अगस्त। गांव नगला जलाल स्थित टिकरी खुर्द रोड के श्री राधाजी वेंकट हॉल में समाजसेवी उदय पुंढीर के नेतृत्व में ‘सशक्त बेटी–सुंदर समाज’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। विकसित सिकंदराराऊ क्षेत्र के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान आयोजित डिबेट प्रतियोगिता में छात्राओं ने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथियों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक प्रमुख जगदीश, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी जय सिंह पुंढीर, अपर निदेशक अमरपाल सिंह लोधी और विभाग प्रचारक गोविंद मौजूद रहे। अतिथियों ने छात्राओं की प्रतिभा और विचारों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने तथा समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

डिबेट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को लैपटॉप, साइकिल और स्कूटी देकर सम्मानित किया गया। आयुषी गुप्ता, रागिनी, जहान्वी, तनिष्का, मोना, तनु और मनीषा को साइकिल व लैपटॉप प्रदान किए गए, जबकि रिचा यादव, प्रतिज्ञा, अंशिका और तुबा को स्कूटी देकर सम्मानित किया गया। वहीं लकी ड्रा के माध्यम से रेनू राजपूत और दामिनी ने साइकिल तथा गुंजन ने स्कूटी जीती। समाजसेवी उदय पुंढीर ने बताया कि ‘सशक्त बेटी–सुंदर समाज’ कार्यक्रम पिछले करीब 14 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। उन्होंने कहा कि बेटियों को बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए तैयार किया जा सकता है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुनील ने किया, जबकि निर्णायक मंडल में अमित कुमार, चित्रा परमार, स्वेता वार्ष्णेय और देवकांत कौशिक शामिल रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page