
सिकंदराराऊ 20 अगस्त । भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर सिकंदराराऊ स्थित सिटी पैलेस में कांग्रेसजनों द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष हाथरस पं. विवेक उपाध्याय ने स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर पं. विवेक उपाध्याय ने कहा कि स्व. राजीव गांधी आधुनिक भारत के दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने देश को 21वीं सदी की सोच के साथ आगे बढ़ाने का काम किया। सूचना एवं प्रौद्योगिकी, संचार, शिक्षा तथा पंचायती राज के क्षेत्र में उनके प्रयासों ने भारत के विकास को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के साथ ही आधुनिक तकनीक और नई सोच को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आज देश को राजीव गांधी के विचारों और आधुनिक भारत के उनके सपने से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। कांग्रेस कार्यकर्ता उनके बताए रास्ते पर चलते हुए लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए निरंतर संघर्ष करते रहेंगे। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष नवेद अहमद खान, जिला महासचिव हसीन खान, अब्बास हुसैन, श्रीकृष्ण एडवोकेट, अखलाक भारती, ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट राशिद अहमद, नगर अध्यक्ष सारिक वारसी, हाजी तहसीन खान, कैलाश यादव, टोकीर अहमद, राकेश कुमार, श्यामवीर सिंह, फरमान खान सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेसजनों ने स्व. राजीव गांधी को नमन करते हुए उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।












