Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 अगस्त । कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), हाथरस की ओर से हसायन विकासखंड के जाऊ गांव में किसानों के लिए नेतृत्व कौशल विकास एवं विपणन कौशल विकास विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता कर कृषि से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। प्रशिक्षण के दौरान केवीके की वैज्ञानिक (कृषि प्रसार) डॉ. आकांक्षा सिंह ने किसानों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, प्रभावी निर्णय लेने और समूह में बेहतर तरीके से कार्य करने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन के लिए आवश्यक कौशलों पर भी विस्तार से चर्चा की।

डॉ. आकांक्षा सिंह ने किसानों को बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने, अपने उत्पाद का उचित मूल्य प्राप्त करने, बाजार से संबंधित जानकारी जुटाने और सामूहिक विपणन के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसानों को उत्पादन के साथ-साथ बाजार की जरूरतों और विपणन की रणनीतियों की जानकारी होना भी आवश्यक है, ताकि उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। इस अवसर पर केवीके के वैज्ञानिक (कृषि शस्य विज्ञान) डॉ. बलवीर सिंह ने किसानों को फसलों में खरपतवार प्रबंधन की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी। उन्होंने खरपतवारों से होने वाले नुकसान, उनके उचित समय पर नियंत्रण तथा फसल उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने में प्रभावी खरपतवार प्रबंधन की भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं पर चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों की सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page