सासनी 04 अक्टूबर। कस्बे में रविवार को श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश की भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। बैंड-बाजों और धार्मिक जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आरती उतारकर पूजा-अर्चना की और प्रसाद चढ़ाया। शोभायात्रा का शुभारंभ प्रेमपाल सोलंकी एवं सोमेश सोलंकी ने पूजा-अर्चना कर किया। वहीं श्री गणेश मेला कमेटी के आचार्य अशोक शर्मा, शैलेश शर्मा एवं संजय शर्मा ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और आरती उतारकर शोभायात्रा को रवाना किया।
भगवान श्रीगणेश की शोभायात्रा श्रीरामलीला मैदान से शुरू होकर मोहल्ला विष्णुपुरी, आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग, बच्चा पार्क, सेंट्रल बैंक, बस स्टैंड, शहीद पार्क, कमला बाजार, गांधी चौक और ठंडी सड़क होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंची, जहां शोभायात्रा का समापन हुआ। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन कर आरती उतारी और प्रसाद अर्पित किया। पूरे मार्ग में धार्मिक माहौल बना रहा। इसके बाद रामलीला मंचन का शुभारंभ रामबाबू लवानियां एवं कुलदीप लवानियां ने रामलीला के स्वरूपों की आरती उतारकर किया। श्री मानस कला मंच के कलाकारों ने हरिगोपाल गुप्ता के निर्देशन में रामलीला की पहली लीलाओं का मंचन किया। मंचन के दौरान सती मोह, सती का दक्ष के यज्ञ में भस्म होना और भगवान शिव-पार्वती विवाह की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। इस अवसर पर डॉ. लोकेश शर्मा, लीलाधर शर्मा, प्रकाशचंद्र शर्मा, जयप्रकाश माहेश्वरी, प्रदीप गुप्ता, प्रमोद गर्ग सहित रामलीला कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।










