सिकंदराराऊ 26 अगस्त। हाथरस के सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली की निजी कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत 35 वर्षीय अमित शर्मा की मौत हो गई। अमित ड्यूटी समाप्त करने के बाद बाइक से एटा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक पीछे से जा टकराई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अमित शर्मा एटा के श्यामनगर के रहने वाले थे और दिल्ली की एक निजी कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। 22 अगस्त की रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने घर एटा लौट रहे थे। बताया गया कि ग्राम टोली को पार करने के बाद वह हाईवे पर पहुंचे। इसी दौरान सड़क पर एक ट्रक खड़ा था। रात का समय होने के कारण ट्रक अमित को दूर से दिखाई नहीं दे सका और उनकी बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।
परिजनों का आरोप है कि हाईवे पर खड़े ट्रक में ब्रेक लाइट और इंडिकेटर नहीं जल रहे थे। इसके अलावा ट्रक के आसपास किसी प्रकार का संकेतक, रिफ्लेक्टर या सुरक्षा घेरा भी नहीं लगाया गया था। उनका कहना है कि रात के समय हाईवे पर वाहन खड़ा होने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके कारण हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी परिजनों को रात करीब 1:15 बजे दी गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में अमित का शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। घटना के बाद मृतक के पिता प्रमेश चंद्र शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर ट्रक चालक पर लापरवाही से हाईवे पर वाहन खड़ा करने का आरोप लगाया और कार्रवाई की मांग की। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच करने के साथ ही ट्रक चालक की भूमिका और हाईवे पर वाहन खड़ा करने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी भी पड़ताल कर रही है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।













