Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 23 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेन्द्र शर्मा का रविवार को अलीगढ़ प्रवास रहा। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों, जनहित के विषयों तथा पार्टी की आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से संवाद किया। उनके प्रवास को संगठन में सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।

अलीगढ़ पहुंचने पर यतेन्द्र शर्मा ने सर्वप्रथम भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह ‘लाला’ के आवास पर पहुंचकर भेंट की। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ सांसद श्री सतीश गौतम के आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। प्रवास के क्रम में वे एमएलसी मानवेंद्र गुरु, विधायक श्री अनिल पाराशर तथा अकराबाद ब्लॉक प्रमुख श्री राहुल सिंह, श्री मानव महाजन और श्री देवेन्द्र चौधरी के आवास पर भी पहुंचे, जहां पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। श्री शर्मा ने सासनी गेट स्थित गौशाला पहुंचकर गौ-पूजन किया तथा गौसेवा में सहभागिता की। उन्होंने गौसेवा को भारतीय संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए कार्यकर्ताओं को सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

गौशाला में अपने संबोधन में यतेन्द्र शर्मा ने कहा कि गौमाता हमारी आस्था है, संस्कृति है, गांव है, किसान है और संवेदना भी है। इसलिए केवल गाय हमारी माता कहने से हमारी ज़िम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती क्योंकि हमारी मां को सम्मान चाहिए तो सुरक्षा चाहिए, भोजन चाहिए तो इलाज भी चाहिए। योगी सरकार ने गोवंश की रक्षा के लिए बहुत कदम उठाये है। गौआश्रयों की संख्या बढ़ाई है लेकिन ये तभी संभव हो पायेगा जब आम जन इनसे जुड़ेगा। शर्मा ने समाज के हर वर्ग से जुड़े हर व्यक्ति से अपील की कि अपने परिवार के कम से कम एक सदस्य का जन्मदिन या शादी की वर्षगांठ जरूर पास की गौशाला में मनायें और इसके साथ ही गौशाला के एक हिस्से को इस तरह से डेवलप किया जाये जिससे गोवंश को बिना परेशान किए इस तरह के सेलिब्रेशन किए जा सकें। इसके बाद भारतीय शिक्षा संघ के कार्यक्रम में शामिल हुए और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों से संवाद किया और शिक्षकों से अपील की कि बच्चों को मोबाइल/टीवी से दूर रखने के लिए अलग से एक प्रोग्राम डेवलप करें और संस्कार आधारित शिक्षा पर फोकस करें। इसके बाद उन्होंने जिला उपाध्यक्ष श्री गौरव शर्मा के आवास पर पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट की तथा संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। प्रवास के दौरान चौधरी प्रदीप सिंह, जिला सह-मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, डा. नीथीश, ब्लॉक प्रमुख चन्दौस रेशमपाल सिंह, श्री चन्द्रमणि कौशिक, ठाकुर हरेंद्र सिंह, शल्यराज सिंह, लोकेश कांकरान, रोहित वार्ष्णेय, राकेश शर्मा, अरविंद कुमार, अभय चौधरी सहित भाजपा के वरिष्ठ जिला एवं महानगर पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मीडिया प्रतिनिधियों से भी किया संवाद

अलीगढ़ प्रवास के अंतिम चरण में श्री यतेन्द्र कुमार शर्मा ने प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संवाद किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों, जनहित से जुड़े विषयों तथा पार्टी के विचारों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने को लेकर चर्चा की। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए सकारात्मक एवं जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता देने पर भी विचार-विमर्श किया।

यतेन्द्र शर्मा का यह अलीगढ़ प्रवास संगठनात्मक संवाद, जनसंपर्क और सेवा गतिविधियों का समन्वय रहा। उनके विभिन्न कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से पार्टी संगठन में उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रवास के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा जनसेवा के माध्यम से पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page