Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 22 अगस्त। कस्बे के दुकानदार को एटीएम कार्ड का पिन जनरेट कराना महंगा पड़ गया। मदद के बहाने एक शातिर ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से चार बार में कुल 30 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को मोबाइल पर ट्रांजेक्शन मैसेज आने के बाद ठगी का पता चला। आनंद नगर निवासी संजय गोयल ठेल पर दुकानदार लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा में नए एटीएम कार्ड के लिए आवेदन किया था, जो उन्हें करीब दो दिन पहले मिला था। संजय बैंक शाखा पहुंचे और कार्ड का पिन जनरेट करने की प्रक्रिया पूछी। बैंक कर्मियों ने उन्हें एटीएम मशीन से स्वयं पिन बनाने की सलाह दी। जब संजय एटीएम मशीन पर पहुंचे, तो वहां पहले से एक व्यक्ति मौजूद था जो किसी और की मदद कर रहा था। संजय ने भी उससे अपने नए कार्ड का पिन बनाने में मदद मांगी। आरोप है कि शातिर ने पिन जनरेट करने के बहाने संजय से नया एटीएम कार्ड ले लिया। कुछ देर बाद उसने कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड संजय को थमा दिया और बताया कि पिन तैयार हो गया है। संजय कार्ड लेकर घर लौट आए। इसी दौरान, शातिर ने संजय के खाते से चार बार में कुल 30 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने पर संजय ने जानकारी देखी और तुरंत बैंक पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी दी, जिसके बाद बैंक कर्मियों ने उनका एटीएम कार्ड ब्लॉक कर दिया। पीड़ित संजय गोयल ने कोतवाली में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page