Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 अगस्त। जीएसएएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मुरसान में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। इस दौरान छात्राओं की आंखों एवं रक्त की जांच की गई। डीएम ने प्रत्येक छात्रा का स्वास्थ्य कार्ड बनाए जाने तथा समय-समय पर होने वाली स्वास्थ्य जांच का विवरण उसमें दर्ज करने के निर्देश दिए। विद्यालय पहुंचने पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर के माध्यम से जनसहयोग से कराए गए कार्यों का निरीक्षण किया। इनमें कमरों की छतों की मरम्मत एवं फर्नीचर की उपलब्धता सहित अन्य व्यवस्थाएं शामिल रहीं। विद्यालय में तैयार किए गए प्रोजेक्टर युक्त एक्टिविटी रूम का छात्राओं ने फीता काटकर शुभारंभ किया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। एक्टिविटी रूम में की गई व्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त की।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं किशोरियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और शरीर में पोषण की कमी को समय रहते पहचानकर उसका समाधान करना है। उन्होंने कहा कि हमारा शरीर हमारा सबसे अच्छा और सच्चा साथी है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति कोअपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए। छात्राओं से संवाद करते हुए डीएम ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, चना, सलाद और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को नियमित रूप से शामिल करना चाहिए। हरी पत्तेदार सब्जियां आयरन सहित कई आवश्यक पोषक तत्वों का अच्छा स्रोत हैं। उन्होंने मैदा से बने खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने और प्राकृतिक एवं पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शरीर में खून की कमी यानी एनीमिया के लक्षण कई बार स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते। जल्दी थकान, कमजोरी और ऊर्जा की कमी को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराकर एनीमिया सहित अन्य पोषण संबंधी समस्याओं की पहचान और रोकथाम की जा सकती है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों के खान-पान और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने की अपील की। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page