
हाथरस 21 अगस्त। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव भोजपुर खेतसी में पुराने विवाद को लेकर एक युवक और उसकी मां-बहन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित रवि ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रवि के अनुसार, 18 अगस्त की शाम वह अपनी दुकान से घर लौट रहा था। इससे पहले उसका गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर गांव के अजीत, ललित, राहुल और राजवीर ने रास्ते में उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। रवि की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां कुंजवती देवी और बहन संगीता उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचीं। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों के साथ भी मारपीट कर दी। घटना में रवि, उसकी मां और बहन को चोटें आईं। पीड़ित के मुताबिक, उसकी मां कुंजवती देवी के सिर में गंभीर चोट लगी है। आरोप है कि मारपीट के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पीड़ित ने 20 अगस्त को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र दिया और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









