
हाथरस 21 अगस्त। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में एक हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी की पत्नी और अन्य लड़कियों की तस्वीरों को कथित रूप से एआई तकनीक के जरिए एडिट कर आपत्तिजनक बनाने और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पदाधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कैलाश नगर तथा विष्णुपुरी निवासी तीन लोगों ने द्वारा उसकी पत्नी एवं अन्य लड़कियों की तस्वीरों को एआई के माध्यम से आपत्तिजनक रूप देकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपित बार-बार इस तरह की हरकत कर रहे हैं, जिससे उसकी और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और वह मानसिक रूप से परेशान है। तहरीर में पीड़ित ने आरोपितों से जान का खतरा होने और किसी अनहोनी की आशंका भी जताई है। थाना हाथरस गेट पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









